Russia Ukraine war: 'शांति के लिए कड़ी शर्तें थोपना समय की बर्बादी', रूस के पूर्व रक्षा मंत्री ने दी यूक्रेन को चेतावनी
Russia Ukraine war रूस के पूर्व रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू ने यूक्रेन को चेतावनी देते हुए कहा कि यूक्रेन द्वारा शांति के लिए कड़ी शर्तें थोपना केवल समय की बर्बादी होगी। शांति समझौते में जितनी देरी होगी यूक्रेन को उतना अधिक क्षेत्र खोना पड़ेगा। वहीं रूस के मिसाइल हमले में यूक्रेन के खार्कीव में पांच लोग घायल हुए हैं।

रायटर, मास्को। Russia Ukraine Peace Deal: यूक्रेन में संघर्ष थामने की तमाम कोशिशों के बीच युद्ध जल्द थमने के आसार नहीं दिख रहे। रूस के पूर्व रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू ने यूक्रेन को चेतावनी देते हुए कहा कि यूक्रेन द्वारा शांति के लिए कड़ी शर्तें थोपना केवल समय की बर्बादी होगी। शांति समझौते में जितनी देरी होगी, यूक्रेन को उतना अधिक क्षेत्र खोना पड़ेगा।
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रखा था शांति प्रस्ताव
इस बीच, दोनों देशों के बीच जवाबी हमले जारी हैं। रूस के मिसाइल हमले में यूक्रेन के खार्कीव में पांच लोग घायल हुए हैं, वहीं यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस के कुर्स्क क्षेत्र में एक की मौत हो गई। रूस के सुरक्षा परिषद के सेक्रेटरी व पूर्व रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 14 जून को शांति प्रस्ताव के बाद से यूक्रेन अपना 420 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र खो चुका है और कई लोगों की जान भी गंवाई है।
यूक्रेन के 18 प्रतिशत क्षेत्र पर रूस का कब्जा
यूक्रेन ने वार्ता के लिए जो खिड़की खोली है वह काफी संकरी है। शांति समझौते में जितनी देरी होगी यूक्रेन को उतना अधिक क्षेत्र से हाथ धोना होगा। फरवरी, 2022 में आक्रमण के बाद से रूस का यूक्रेन के 18 प्रतिशत क्षेत्र पर कब्जा हो चुका है, जिसमें क्रीमिया भी शामिल है।
दक्षिण पूर्व यूक्रेन के चार क्षेत्रों को रूस ने अपने साथ मिला लिया है। कहा, यूक्रेन शांति वार्ता से पहले उसके क्षेत्रों को वापस करने जैसी शर्त रख रहा है। उन्होंने फिर दोहराया कि रूस यूक्रेन से शांति वार्ता को तैयार है। लेकिन यूक्रेन उसके प्रस्ताव पर जवाब नहीं दे रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।